Jamtara News : दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. त्योहारों पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए आसनसोल रेल मंडल की डॉग स्क्वाड और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने जामताड़ा और विद्यासागर रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और यात्रियों के सामान की जांच की गई. अभियान में विस्फोटक पदार्थों का पता लगाने के लिए प्रशिक्षित डॉग मैक्स को भी शामिल किया गया.
इसे भी पढ़ें
अभियान में आसनसोल डॉग स्क्वाड के एएसआई विधान डे, हेड कांस्टेबल डीसी महतो और प्रशिक्षित डॉग मैक्स शामिल थे. टीम ने मेटल डिटेक्टर से भी संदिग्ध वस्तुओं की जांच की. जामताड़ा स्टेशन पर एसआई आरके पांडेय, सौरभ कुमार और एएसआई शमशुल अंसारी ने अभियान में भाग लिया. वहीं, विद्यासागर स्टेशन पर एएसआई जयंतो राय, कांस्टेबल हराधन कुशवाहा और राजेश कुमार सिंह ने जांच की.
जनशताब्दी एक्सप्रेस में भी चलाया अभियान
टीम ने रेलवे स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस में भी जांच की. आरपीएफ के मो. असलम, शमशुल अंसारी और डॉग स्क्वाड टीम ने ट्रेन की विभिन्न बोगियों में जांच की. यात्रियों के सामान और ट्रेन के अंदर संदिग्ध वस्तुओं पर विशेष नजर रखी गई.
त्योहारी सीजन में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने निगरानी तेज कर दी है. सुरक्षा जांच का उद्देश्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई करना और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा देना है. रेलवे प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

