Jamtara News : नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोहरंगी के समीप सोमवार को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर हाइवा से टकरा गई. हादसे में बाइक सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों आपस में मौसेरे भाई बताए जा रहे हैं. घायलों की पहचान रामपुर गांव निवासी शमशाद अंसारी (15) और बिराजपुर निवासी जाहिद अंसारी (17) के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर मोटरसाइकिल से रामपुर से हेरला की ओर जा रहे थे. लोहरंगी के समीप तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने जा रहे हाइवा से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलने पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर लाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार धनबाद में दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

