Jamtara News : जिले के मिहिजाम शहरी क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.
घटना के संबंध में गृहस्वामी वरुण मंडल ने बताया कि वह मंगलवार को एक वैवाहिक कार्यक्रम में हल्दी की रस्म में शामिल होने के लिए करमाटांड़ के विद्यासागर गए हुए थे.
उन्होंने बताया कि चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद दो कमरों के इंटरलॉक को तोड़ते हुए आलमारी तक पहुंचे और उसमें रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवरात तथा 2.50 लाख रुपये नकदी लेकर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस चोरी के तरीके और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच कर रही है.

