Search

 
 
 

Jamtara  News : कैशबैक का झांसा देकर करते थे ठगी, तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

Jamtara News : पुलिस के अनुसार, आरोपी क्रेडिट कार्ड की समस्या दूर करने और PhonePe पर कैशबैक दिलाने का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे.पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
 
तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

Jamtara News : साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.

 

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी क्रेडिट कार्ड की समस्या दूर करने और PhonePe पर कैशबैक दिलाने का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे.पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. 

 

टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोरवा गांव में छापेमारी कर बबलू अंसारी को गिरफ्तार किया. वहीं, करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ गांव में छापेमारी कर पप्पू मंडल और प्रकाश कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया.

 

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 71/26 और 72/26 दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

 

ऐसे देते थे साइबर ठगी को अंजाम

पूछताछ और पुलिस जांच में आरोपियों की ठगी का तरीका सामने आया है. आरोपी लोगों को फोन कर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने का झांसा देते थे. इसके बाद उनके मोबाइल पर Rumyee App का फर्जी APK फाइल भेजते थे. पीड़ित के मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल होते ही आरोपी उसकी निजी और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करते थे.

 

इसके अलावा, आरोपी PhonePe पर 1,999 रुपये कैशबैक मिलने का फर्जी संदेश भेजते थे. ग्राहकों को कैशबैक प्राप्त करने के लिए Accept करने को कहा जाता था. जैसे ही लोग इस झांसे में आकर प्रक्रिया पूरी करते थे, उनके साथ आर्थिक ठगी की जाती थी.

 

पहले भी साइबर अपराध के मामलों में रहे हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू अंसारी (22 वर्ष), पिता इदरीश मियां, ग्राम बोरवा, थाना नारायणपुर; पप्पू मंडल (25 वर्ष), पिता महेंद्र मंडल तथा प्रकाश कुमार मंडल (28 वर्ष), पिता रामलाल मंडल, दोनों ग्राम काशीटांड़, थाना करमाटांड़ के रूप में हुई है.

 

पुलिस के अनुसार, पप्पू मंडल जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 33/25 तथा प्रकाश कुमार मंडल कांड संख्या 09/25 में भी आरोपी रह चुके हैं. इनका कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था.

 

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल

छापेमारी दल में साइबर अपराध थाना के पु.नि.-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल, पु.नि. अनिल अभिषेक, पु.नि. अमित कुमार, पु.अ.नि. कुंदन कुमार वर्मा तथा पु.अ.नि. हीरालाल महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

 

जामताड़ा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के भेजे गए APK फाइल को मोबाइल में इंस्टॉल न करें और कैशबैक या बैंकिंग संबंधी लालच में आकर किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें. किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही