Jamtara News : नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर शुक्रवार की सुबह सड़क हादसा हुआ. प्रखंड कार्यालय के समीप दो बाइकों की आपस में टकराने से तीन लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान पोखरिया गांव निवासी मजिदन बीबी (40) व खालिद अंसारी (17) और लटकाहीर गांव निवासी संजय सिंह (25) के रूप में हुई है. सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
इसे भी पढ़ें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय सिंह अपनी बाइक से जा रहे थे. वहीं, खालिद अंसारी मजिदन बीबी को अस्पताल से उनके घर पोखरिया ले जा रहे थे. इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के समीप चंदरपुर जाने वाली सड़क की ओर मुड़ने के क्रम में दोनों बाइक की टक्कर हो गई.
हादसे में तीनों लोग घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
जानें इससे पहले कब-कब हुए सड़क हादसे
- 12 अक्टूबर : नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक टोटो अनियंत्रित होकर ठेले से टकरा गया था. हादसे में टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था.
- 9 मई : मुर्गाडीह-लोहारंगी पुल के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर काम कर रहे युवक से टकरा गई थी. इस दुर्घटना में बाइक सवार और सड़क पर काम कर रहा युवक, दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

