- सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Jamtara News: नाला-दुमका मुख्य सड़क पर सियारकेटिया गांव के समीप बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान नाला थाना क्षेत्र के सांगाजोड़ी गांव निवासी सागर बाध्यकर (45) और उनके पुत्र छोटन बाध्यकर (22) के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गयी, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, सागर बाध्यकर की तबीयत खराब थी. उनका पुत्र छोटन उन्हें इलाज कराने के लिए नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया था. वहां इलाज कराने और दवा लेने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर सांगाजोड़ी लौट रहे थे. इसी दौरान शाम करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच सियारकेटिया गांव के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे उनकी बाइक जोरदार तरीके से टकरा गयी.
हादसे में छोटन बाध्यकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि उनके पिता सागर बाध्यकर गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही नाला थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने छोटन को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल सागर बाध्यकर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
पिता-पुत्र की मौत से गांव में मातम
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंच गये. पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में शोक का माहौल है.
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नाला-दुमका मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के कारण हुई दुर्घटना से ग्रामीणों में नाराजगी देखी गयी. देर शाम तक सड़क जाम जारी रहा, जिससे आवागमन प्रभावित हुई. घटना की जानकारी मिलने पर नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. वहीं, सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

