Jamtara News: नाला विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए वर्षों पुरानी रेल संपर्क का सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है. पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला मुख्यालय सिउड़ी से बक्रेश्वर और राजनगर होते हुए जामताड़ा के नाला तक नई रेल लाइन बिछाने की पहल तेज हो गई है.
इसे भी पढ़ें:
परियोजना को लेकर हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है. यदि प्रस्तावित परियोजना धरातल पर उतरती है, तो यह नाला विधानसभा ही नहीं, बल्कि जामताड़ा और आसपास के सीमावर्ती इलाकों के लिए विकास का नया अध्याय साबित हो सकती है.
परियोजना की प्रगति को लेकर पूर्व रेलवे मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में पश्चिम बंगाल के उच्च शिक्षा मंत्री सह सिउड़ी विधायक जगरनाथ चट्टोपाध्याय, पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय, वीरभूम के जिलाधिकारी धवल जैन समेत रेलवे और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. बैठक में सिउड़ी-नाला तथा सिउड़ी-प्रांतिक (बोलपुर-शांतिनिकेतन) नई रेल लाइन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, संभावनाओं और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई.
सिउड़ी से नाला तक रेल संपर्क स्थापित होने से पश्चिम बंगाल और झारखंड के बीच आवागमन और संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिल सकती है. वर्तमान में जिन इलाकों के लोगों को सड़क मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, उनके लिए रेल सेवा समय और खर्च दोनों की बचत का माध्यम बनेगी. इसका सीधा लाभ नाला विधानसभा के साथ जामताड़ा और दुमका जिले के लोगों को भी मिलने की उम्मीद है.
नई रेल लाइन केवल यातायात का साधन नहीं होगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास की मजबूत कड़ी बन सकती है. रेल संपर्क बेहतर होने से स्थानीय बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने, रोजगार के नए अवसर पैदा होने और छोटे कारोबार को विस्तार मिलने की संभावना है. वहीं, बक्रेश्वर, राजनगर और आसपास के क्षेत्रों के बीच पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक पहुंच भी आसान हो सकती है.
नाला विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए रेल संपर्क लंबे समय से एक बड़ी मांग और उम्मीद रही है. ऐसे में परियोजना को लेकर हुई समीक्षा बैठक को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. हालांकि परियोजना के निर्माण, स्वीकृति और समय-सीमा से जुड़े अंतिम चरणों की जानकारी आने के बाद ही इसकी वास्तविक प्रगति स्पष्ट होगी.
फिलहाल नई रेल लाइन की पहल ने नाला क्षेत्र के लोगों के उस सपने को फिर से जीवंत कर दिया है, जिसमें आने वाले दिनों में इस इलाके में भी रेल की सीटी गूंजने की उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

