Jamtara News : जामताड़ा पुलिस केंद्र में बुधवार को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया गया. समारोह में शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई. पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखा. शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया.
इसे भी पढ़ें
कार्यक्रम में एसपी शंभू कुमार सिंह, डीएसपी (मुख्यालय) नीलम कुमारी, एसडीपीओ वसीम रजा, साइबर डीएसपी अमित कुमार रविदास, परिचारी प्रवर अजीत कुमार चौबे सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे. इस अवसर पर परेड शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी दी गई और देश व समाज की सुरक्षा के लिए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया.
एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता. उनका साहस, समर्पण और कर्तव्य के प्रति निष्ठा पुलिस बल के प्रत्येक जवान के लिए प्रेरणास्रोत है. शहीदों का बलिदान हमें पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है. कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने और जनता की सुरक्षा व सेवा के प्रति सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

