Jamtara News : गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर जामताड़ा जिले के नारायणपुर में अवैध खनिज परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. डीटीओ ने बुधवार की रात नारायणपुर थाना क्षेत्र के पांडेडीह के समीप अवैध कोयला लदे एक ट्रक को जब्त किया. ट्रक को पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर दिया गया है. चालक मदन गोप ने बताया कि डीटीओ कोयला और ट्रक से संबंधित कागजात तथा ड्राइविंग लाइसेंस अपने साथ ले गए.
इसे भी पढ़ें
इस कार्रवाई के बाद हाईवे पर रात के अंधेरे में चल रहे कोयला और बालू के अवैध कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि रात करीब नौ बजे के बाद गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर कोयला और बालू की गाड़ियों की आवाजाही बढ़ जाती है.
बालू के चालान पर भी उठ रहे सवाल
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी से बालू लोड कर हाइवा से गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे होते हुए पश्चिम बंगाल भेजा जाता है. इन वाहनों में बिहार के नालंदा समेत अन्य जिलों के चालान दिखाए जाते हैं, जबकि बालू की लोडिंग पूर्वी टुंडी में होती है. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
40 ट्रकों से कोयला ढुलाई की चर्चा
इसी तरह धनबाद की ओर से करीब 40 ट्रकों से अवैध कोयले की ढुलाई किए जाने की भी चर्चा है. इनमें करीब 25 ट्रकों के गिरिडीह के रास्ते बिहार जाने और 15 ट्रकों के जामताड़ा-मिहिजाम मार्ग से पश्चिम बंगाल भेजे जाने की बात कही जा रही है.
बड़ा सवाल यह है कि यदि हाईवे पर इतने बड़े पैमाने पर खनिज परिवहन हो रहा है, तो इसकी नियमित जांच और निगरानी कौन कर रहा है? स्थानीय लोगों के बीच इन गतिविधियों की चर्चा होने के बावजूद जिला खनन टास्क फोर्स और प्रखंड स्तरीय खनन टास्क फोर्स की सक्रियता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

