Search

 
 
 

Jamtara News : सड़क हादसे में कोल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा नाथ की मौत

फतेहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में भारत प्राचीन आदिवासी कोल जाति कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा नाथ कोल (लगभग 70 वर्ष) की मौत हो गई
 
जामताड़ा जिले की खबरें

Jamtara : फतेहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में भारत प्राचीन आदिवासी कोल जाति कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा नाथ कोल (लगभग 70 वर्ष) की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे कोल समाज में शोक की लहर दौड़ गई. बताया जाता है कि उमा नाथ कोल झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के पुराने सहयोगी भी रहे थे और समाज के उत्थान के लिए लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे थे.

 

जानकारी के अनुसार, उमा नाथ कोल शनिवार को मोटरसाइकिल से फतेहपुर की ओर से जामताड़ा आ रहे थे. इसी दौरान फतेहपुर डिग्री कॉलेज के समीप विपरीत दिशा (गलत दिशा) से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.

 

Uploaded Image

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

 

उमा नाथ कोल के निधन की खबर फैलते ही कोल समाज के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. समाज के पदाधिकारी, समर्थक और शुभचिंतक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे. लोगों ने इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया.

 

इधर, हादसे के बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाली मोटरसाइकिल और उसके चालक को पकड़ लिया है. इस घटना में चालक भी घायल हो गया हैं.  पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है. हादसे के कारण क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही