Jamtara News : बिंदापाथर थाना क्षेत्र के कुंजबोना अस्पताल के समीप शनिवार को खेल सामग्री से लदा एक अशोक लेलैंड वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अशोक लेलैंड वाहन राजनगर की ओर से खेल सामग्री लेकर जा रहा था. कुंजबोना अस्पताल से कुछ दूरी पहले पहुंचते ही चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया. चालक ने वाहन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सड़क से नीचे उतरकर पलट गया. दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वाहन में काफी मात्रा में खेल सामग्री लदी थी. सामान की ऊंचाई भी सामान्य से अधिक दिखाई दे रही थी. वाहन के पलटने के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच ओवरलोडिंग और सामान लोड करने के तरीके को लेकर चर्चा होने लगी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के समीप सड़क पर राहगीरों और वाहनों की आवाजाही रहती है. यदि दुर्घटना के समय कोई राहगीर या वाहन इसकी चपेट में आ जाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी. हालांकि, किसी के हताहत नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मालवाहक वाहनों में सामान लोड करने के तरीके, क्षमता और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि असंतुलित या क्षमता से अधिक सामान लादकर चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. दुर्घटना के बाद पलटे वाहन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई.

