Jamtara News : जामताड़ा जिले में लगातार हो रही बारिश से अजय नदी समेत क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं. इसी बीच गुरुवार को नाला थाना क्षेत्र के पाथरघाटा घाट के समीप अजय नदी के पानी में बह रहे एक अधेड़ व्यक्ति को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया. पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए नाला सीएचसी में भर्ती कराया गया. घटना दोपहर ढाई से तीन बजे के बीच की है.
इसे भी पढ़ें
बताया गया कि पाथरघाटा गांव के कुछ ग्रामीण नदी किनारे मवेशी चरा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर नदी के तेज बहाव में बह रहे व्यक्ति पर पड़ी. ग्रामीणों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू किया. नदी के पानी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
पाथरघाटा के ग्राम प्रधान दीनू दास की सूचना पर पुलिस पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए नाला सीएचसी पहुंचाया. एसआई हेमकांत ठाकुर ने बताया कि फिलहाल वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है. उसकी पहचान नहीं हो सकी है. बचाव कार्य में कोकिल दास, दयाल दास, जनता दास समेत अन्य ग्रामीणों ने भूमिका निभाई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

