Jamtara News : लगातार हो रही बारिश के बीच नारायणपुर थाना क्षेत्र के पन्दनी गांव में मंगलवार देर रात ईंट की दीवार गिरने से मलबे में दबकर आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतका की पहचान पन्दनी गांव निवासी शंकर राय की पत्नी लीलावती देवी के रूप में हुई है.बताया जाता है कि मंगलवार रात करीब 12 बजे शंकर राय और उनकी पत्नी लीलावती देवी घर में सो रहे थे. इसी दौरान लगातार बारिश के कारण घर से सटी ईंट की दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई.
हादसे में दोनों मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए नारायणपुर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया.
धनबाद पहुंचते ही डॉक्टरों ने लीलावती देवी को मृत घोषित कर दिया. परिजनों के अनुसार, लीलावती आठ माह की गर्भवती थीं और करीब एक महीने बाद उनका प्रसव होना था. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

