Jamtara News : करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रामपुर भीठरा गांव स्थित एक खेत में गुरुवार को अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.बताया जा रहा है कि महिला के एक हाथ का हिस्सा जला हुआ था. हालांकि, महिला की मौत कैसे हुई और उसका हाथ किन परिस्थितियों में जला, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है.
पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो पाई थी.पुलिस आसपास के गांवों में महिला के संबंध में जानकारी जुटा रही है. साथ ही घटनास्थल का जायजा लेकर मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं.
महिला की पहचान होने के बाद ही उसके यहां पहुंचने और मौत के कारणों से संबंधित कई अहम बिंदुओं का खुलासा होने की उम्मीद है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की संभावना है.

