Patna News : पटना में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने पूर्व पार्षद जन सुराज पार्टी के नेता अनिल यादव पर फायरिंग कर दी. इस हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए.
इसे भी पढ़ें...
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई. गंभीर हालत में उन्हें उदयन अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जानकारी के अनुसार, अनिल यादव घटना के समय अपने अपार्टमेंट परिसर में बैठे हुए थे. तभी बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और अनिल यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. फायरिंग करने के बाद हमलवार हथियार लहराते हुए फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. एएसपी लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है.
बता दें कि कुछ दिन पहले ही अनिल यादव के बेटे की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक किसी कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी अस्पताल पहुंचे. दोनों ने अनिल यादव के परिजनों से मुलाकात की. प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है, अपराधी बेखौफ हैं. मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए कि ये जंगलराज नहीं है तो क्या है?
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

