Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने बच्चों की कथित तस्करी के मामले में आरोपी अरुण राम को जमानत दे दी है. हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता की क्रिमिनल अपील संख्या पर सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट), रांची के 2 जुलाई 2026 के आदेश को रद्द कर दिया. निचली अदालत ने अरुण की जमानत याचिका खारिज कर दी थी.
इसे भी पढ़ें...
लखीसराय (बिहार) के मानपुर गांव के रहने वाले 38 वर्षीय अरुण राम को धनबाद-एलेप्पी एक्सप्रेस से तीन बच्चों के साथ पकड़ा गया था. उन पर बच्चों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है. मामला एएचटीयू थाना कांड संख्या 06/2026 से जुड़ा है. अरुण 9 मार्च 2026 से हिरासत में थे.
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने दलील दी कि वह बच्चों को उनके अभिभावकों की सहमति से तिरुपुर काम के लिए ले जा रहे थे. लोक अभियोजक ने केस डायरी देखने के बाद स्वीकार किया कि अभिभावकों ने सहमति दी थी. उन्होंने केस डायरी के पैरा 46, 47 और 49 का हवाला भी दिया.
कोर्ट ने अभिभावकों के बयान, अब तक की हिरासत अवधि और अरुण का कोई आपराधिक इतिहास न होने की बात को ध्यान में रखते हुए जमानत मंजूर की. अरुण को 10 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतदार देने होंगे. साथ ही उन्हें ट्रायल पूरा होने तक हर तारीख पर निचली अदालत में हाजिर रहना होगा, जब तक कि कोई उचित कारण न हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
