Search

झारखंड विधानसभा: 18 फरवरी से बजट सत्र शुरू,  सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक

Ranchi: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू होने जा रहा है. सत्र के सुचारु संचालन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में आज मंगलवार को विधानसभा परिसर में सर्वदलीय बैठक हुई. बैठक के बाद स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि सदन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलाने के उद्देश्य से सभी दलों के नेताओं और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई. 

 

उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से सदन में पेश किए जाने वाले कार्यों और सामग्रियों की उपलब्धता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. साथ ही लंबित प्रश्नों के समय पर उत्तर सुनिश्चित कराने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.

 

स्वास्थ्य और विधि-व्यवस्था पर भी चर्चा

रवींद्रनाथ महतो ने बताया कि बैठक में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की स्थिति पर भी विचार-विमर्श हुआ. सदन में इन मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो, इसे लेकर सभी दलों से सहयोग की अपील की गई.

 

सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के प्रतिनिधि तथा कांग्रेस पार्टी विधायक दल के नेता सहित विभिन्न दलों के सदस्य मौजूद रहे.

 

23 फरवरी को नहीं चलेगा सदन

स्पीकर ने बताया कि 23 फरवरी को झारखंड में नगर पंचायत चुनाव निर्धारित है. इस कारण संसदीय कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया जाएगा कि 23 फरवरी को सदन की कार्यवाही नहीं चलेगी, ताकि सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में चुनावी दायित्वों का निर्वहन कर सकें.

 

सहयोग की अपील

विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से अपील की कि बजट सत्र के दौरान जनहित के मुद्दों पर गंभीर और सकारात्मक चर्चा हो. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सदन का सुचारु संचालन आवश्यक है और इसके लिए सभी पक्षों का सहयोग जरूरी है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp