- हेमलाल मुर्मू ने सदन में उठाया छात्रों के ड्रॉप आउट का मामला
Ranchi : झारखंड विधानसभा बजट सत्र का आज पांचवां दिन है. वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर आज सदन में बजट पेश करेंगे. इससे पहले प्रश्नकाल में विधायक हेमलाल मुर्मू ने छात्रों के ड्रॉप आउट का मामला सदन में उठाया. उन्होंने कहा कि नामांकन की संख्या जरूर बढ़ रही है, लेकिन 12वीं तक आते-आते छात्रों के ड्रॉप आउट की संख्या बढ़ जाती है.
इसके जवाब में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि सरकार का उत्तर स्पष्ट है. वित्त वर्ष 2024-25 के आंकड़ों के मुताबिक, 2.5 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गयी है. वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में ड्रॉप आउट का प्रतिशत 3.4 प्रतिशत हो गया है.
उत्तर तथ्यात्मक सही है. सकल नमांकन अनुपात और ड्रॉप आउट दोनों अलग-अलग है. सकल नामांकन अनुपात कुल छात्रों पर निकलता है, जबकि ड्रॉप आउट का आकलन कुल स्कूली छात्रों की संख्या पर होता है.
पूरक सवाल करते हुए विधायक ने बताया कि संथाल में गरीब आदिवासी अपने बच्चों को मिशन स्कूल में फीस देकर पढ़ाते हैं. इन बच्चों को सरकार से मिलने वाला लाभ भोजन, साइकिल आदि दिया जाये. सिर्फ सरकारी स्कूलों के भरोसे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का स्तर नहीं सुधारा जा सकता. सरकार निजी विद्यालयों के छात्रों को भी सुविधाएं दे, ताकि वहां के छात्रों को भी लाभ मिले.
इस पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में कक्षा एक से 12 तक नामांकित छात्रों को निशुल्क किताब, ड्रेस व साइकिल उपलब्ध कराया जाता है. अल्पसंख्यक व निजी विद्यालय के छात्रों को भी कुछ सुविधाएं मिलती हैं. लेकिन सरकारी जैसी सुविधाएं नहीं मिलती हैं. सरकार इस नीतिगत विषय पर विचार करेगी. निर्णय के बाद फैसला लिया जायेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

