Ranchi : झारखंड विधानसभा बजट सत्र के नौवें दिन लिट्टिपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने सदन में अवैध अफीम की खेती का मुद्दा उठाया. उन्होंने सरकार से सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में धड़ल्ले से अफीम की अवैध खेती हो रही है, जो चिंता का विषय है.
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अफीम की खेती के आंकड़ों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. उनके अनुसार, वर्ष 2020-21 में 2871 एकड़, 2022-23 में 5494 एकड़ और 2023-24 में 4853 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती हुई थी.
जबकि वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा बढ़कर 27215 एकड़ तक पहुंच गया है. उन्होंने सरकार से पूछा कि इतनी बड़े पैमाने पर अवैध खेती आखिर किसके सहयोग से हो रही है.
हेमलाल मुर्मू ने चार वर्षों के दौरान दर्ज मामलों, लंबित जांच और दोषी लोगों की जानकारी भी सरकार से मांगी. उन्होंने कहा कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई जरूरी है.
विधायक के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि वर्ष 2024-25 में विभिन्न जिलों में 27215 एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया था. उन्होंने बताया कि विशेष अभियान चलाकर इस अवैध खेती को नष्ट कर दिया गया है.
मंत्री ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती को रोकने के लिए सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है. यदि किसी भी अधिकारी या व्यक्ति की भूमिका पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
हालांकि अभी तक पुलिस विभाग के किसी अधिकारी की भूमिका का मामला सामने नहीं आया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment