Search

झारखंड विस : सुरेश पासवान बोले-गरीबों के विकास का है बजट, विपक्ष को नहीं पच रहा

Ranchi :  झारखंड विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान विधायक सुरेश पासवान ने सरकार के पक्ष में मजबूती से अपनी बात रखी और वर्तमान बजट को गरीबों, पिछड़ों और समाज के सभी वर्गों के विकास का बजट बताया.

 

उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को सबसे ऊपर रखा है और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं.

 

सुरेश पासवान ने शहरी विकास के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में क्लीन झारखंड, ग्रीन झारखंड बनाने का लक्ष्य लेकर काम किया जा रहा है.

 

उन्होंने कहा कि अब कई जिलों और नगर परिषद क्षेत्रों में बेहतर रोशनी की व्यवस्था की गई है और गलियों की सफाई के लिए आधुनिक गाड़ियों को लगाया गया है. 

 

शहरों में जल निकासी की व्यवस्था मजबूत करने के लिए ड्रेनेज, सीवरेज और नालियों का विस्तार किया गया है. साथ ही मच्छरों से राहत दिलाने के लिए फॉगिंग मशीनों की व्यवस्था भी की गई है.

 

विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा देने के लिए साइकिल की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें पैदल लंबी दूरी तय न करनी पड़े.

 

उन्होंने मंईयां सम्मान योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि इस योजना के तहत होली के अवसर पर गरीब महिलाओं के खातों में 2500 रुपये की सहायता राशि भेजी गई है.

 

सुरेश पासवान ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं को गरीबों की सरकार और विकास के काम पच नहीं रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा की सरकार ने गरीबों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया.

 

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने ठंड के दौरान गरीबों को जो कंबल बांटे थे, विपक्ष के लोग उनका भी गलत इस्तेमाल कर रहे हैं. पासवान ने कहा कि विपक्ष केवल पूंजीपतियों की राजनीति करता है और जनता आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देगी.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp