Search

 
 
 

झारखंड बंद वापस, भाजपा बोली- आरोपी का पार्टी से कोई लेना-देना नहीं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने हजारीबाग के बरकठा प्रखंड के कुसुंबा गांव में नाबालिग बच्ची की हत्या मामले को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला. रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने दोषियों को फांसी की सजा देने और मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की.
 

Ranchi : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने हजारीबाग के बरकठा प्रखंड के कुसुंबा गांव में नाबालिग बच्ची की हत्या मामले को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला. रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने दोषियों को फांसी की सजा देने और मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की.

 

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे रामनवमी के दिन पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे. उनके साथ सांसद मनीष जायसवाल, विधायक प्रदीप प्रसाद समेत कई नेता मौजूद थे. उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से ही इस अपराध के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रही है.

 

आदित्य साहू ने उस दावे को खारिज किया जिसमें गिरफ्तार आरोपी को भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आरोपी का पार्टी से कोई संबंध नहीं है और भाजपा को बदनाम करने की साजिश की जा रही है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना के समय अन्य दलों के नेता कहां थे.

 

राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि 2019 के बाद से राज्य में हजारों दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं. उन्होंने रामगढ़ में हाल ही में हुई घटना का भी जिक्र किया.

 

उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के कई दिनों तक जिले के बड़े अधिकारी गांव नहीं पहुंचे. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करने में भी लापरवाही कर रहा है. उन्होंने सरकार पर मामले को दबाने का आरोप लगाया.

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग के बजाय अन्य कामों में व्यस्त है. उन्होंने रामनवमी जुलूस के दौरान होने वाली घटनाओं को भी सरकार की नीतियों से जोड़ते हुए तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया.

 

उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने पहले से घोषित मशाल जुलूस और झारखंड बंद का कार्यक्रम वापस ले लिया है. हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाएं होने पर पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी.

 

साहू ने कहा कि उन्हें पुलिस जांच पर भरोसा नहीं है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग दोहराई ताकि सच्चाई सामने आ सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही