Search

 
 
 

Jharkhand : भाजपा ने 16 पन्नों का आरोप पत्र जारी कर सरकार को घेरा, कई मुद्दों पर मांगा जवाब

Ranchi News : आरोप पत्र में आदिवासी छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की बदहाली, युवाओं के रोजगार और पलायन तथा पेसा कानून के क्रियान्वयन को लेकर भी सरकार को घेरा गया है. इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ अपराध, गम्हरिया थाना परिसर में दुष्कर्म, गोड्डा में मिशन से जुड़े व्यक्ति पर शोषण और गर्भपात के आरोप तथा होटवार जेल में सामूहिक यौन उत्पीड़न के मामले का जिक्र किया गया है.
 
भाजपा का आरोप पत्र

Ranchi News : झारखंड में सरकार के दो वर्ष और झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन के सात वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. भाजपा की प्रदेश इकाई ने 16 पन्नों का आरोप पत्र जारी कर सरकार के सात वर्षों के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाए हैं. विकास, रोजगार, कानून-व्यवस्था, आदिवासी सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

भाजपा का आरोप है कि अबुआ सरकार का नारा देकर सत्ता में आई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. सात वर्षों के शासन में विकास, रोजगार, महिला सुरक्षा, आदिवासी अधिकार और जैसे मुद्दों पर सरकार की विफलता सामने आई है. पार्टी ने आरोप पत्र के जरिए सरकार से विभिन्न वादों और घोषणाओं का हिसाब मांगा है.

 

निशा भगत, रूपा तिर्की और सूर्या हांसदा की मौत पर उठाए सवाल

भाजपा ने चार्जशीट में आदिवासी समाज की सुरक्षा और अस्मिता को प्रमुख मुद्दा बनाया है. इसमें निशा भगत, रूपा तिर्की, सूर्या हांसदा, पड़हा राजा सोमा मुंडा, रामेश्वर मुर्मू और संध्या टोप्पो की मौत के मामलों का उल्लेख करते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं. 

 

आरोप पत्र में आदिवासी छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की बदहाली, युवाओं के रोजगार और पलायन तथा पेसा कानून के क्रियान्वयन को लेकर भी सरकार को घेरा गया है. इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ अपराध, गम्हरिया थाना परिसर में दुष्कर्म, गोड्डा में मिशन से जुड़े व्यक्ति पर शोषण और गर्भपात के आरोप तथा होटवार जेल में सामूहिक यौन उत्पीड़न के मामले का जिक्र किया गया है.

भाजपा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए आरोप पत्र में अपहरण, चोरी, हत्या और महिला अपराध के आंकड़े पेश किए हैं. चार्जशीट में तुपुदाना में दुष्कर्म पीड़िता को एफआईआर दर्ज कराने के लिए चार दिनों तक थाना दौड़ाने, रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने और पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी व हिरासत में कथित पिटाई का मुद्दा उठाया गया है. 

 

भाजपा ने राज्य के प्रमुख संवैधानिक और संस्थागत निकायों में रिक्त पदों को लेकर भी सरकार को घेरा है. पार्टी के मुताबिक महिला आयोग, बाल अधिकार संरक्षण आयोग, सूचना आयोग, मानवाधिकार आयोग और जेपीएससी में अध्यक्षों एवं सदस्यों के कुल 23 पद रिक्त हैं.

 

भ्रष्टाचार और खनन राजस्व को लेकर सरकार से मांगा जवाब

आरोप पत्र में वित्तीय अनियमितताओं और कथित घोटालों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा गया है. भाजपा ने राज्य के कोषागार से करीब 28 हजार करोड़ रुपये गायब होने का आरोप लगाते हुए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है. बड़गाई जमीन घोटाला, बोकारो में कथित 631 करोड़ रुपये का घोटाला, डीएमएफटी फंड, जल जीवन मिशन, शराब और ट्रेजरी घोटाले का उल्लेख किया गया है.

 

इसके साथ ही पूजा सिंघल और छवि रंजन की सेवा में बहाली, बरहेट में जमीन कब्जे, बालू घाटों के संचालन और अंचल-प्रखंड कार्यालयों में कथित अवैध वसूली के मुद्दे भी उठाए गए हैं.

 

खनन राजस्व की तुलना ओडिशा से करते हुए भाजपा ने कहा है कि झारखंड अपनी खनिज संपदा के अनुरूप राजस्व अर्जित नहीं कर पा रहा है. पार्टी ने बंद खदानों, खदानों की नीलामी और खनिज उपकर में वृद्धि को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं.

 

युवाओं, भर्ती परीक्षाओं और स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला

भाजपा ने रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए हर साल पांच लाख नौकरी और बेरोजगारी भत्ता देने के वादे की याद दिलाई है. चार्जशीट में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही और पीजीटी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का उल्लेख किया गया है. परीक्षा में ब्लैकलिस्टेड कंपनी को जिम्मेदारी देने और आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का भी आरोप लगाया गया है.

 

स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पार्टी ने दावा किया है कि राज्य में 1,422 डॉक्टरों के पद खाली हैं और करीब नौ हजार स्कूल एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं. जल जीवन मिशन के तहत निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कम घरों तक नल से जल पहुंचने और 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाल स्थिति का भी मुद्दा उठाया गया है.

 

वादों का हिसाब मांगेगी भाजपा, आंदोलन की तैयारी

चार्जशीट के अंतिम हिस्से में भाजपा ने मंईयां सम्मान योजना के तहत 2,500 रुपये, 450 रुपये में गैस सिलेंडर, सात किलो अनाज और किसानों को धान के लिए 3,200 रुपये प्रति क्विंटल देने जैसे वादों पर सरकार से जवाब मांगा है.

 

 ने स्पष्ट किया है कि आरोप पत्र को लेकर पार्टी पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जनांदोलन चलाएगी. भाजपा ने हेमंत सरकार को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, आदिवासी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाई है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही