Ranchi: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह और झारखंड सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को वर्ष 2050 तक देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है. इसके लिए राज्य के विकास, शिक्षा, रोजगार और आर्थिक मजबूती पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमें भीख नहीं चाहिए, बल्कि अपने हक और अधिकार चाहिए. इसके लिए जरूरत पड़ने पर कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने समारोह में झारखंड के विभिन्न कोनों से पहुंचे लोगों का जोहार करते हुए मंत्रिमंडल के सहयोगियों, विधायकों, सांसदों, प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों का अभिनंदन किया. उन्होंने कहा कि 26 वर्ष का युवा झारखंड आज पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपना स्थापना दिवस मना रहा है. यह अवसर केवल उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का भी है.
बिरसा मुंडा और सिद्धू-कान्हू के बलिदान से बना झारखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड का इतिहास गौरवशाली रहा है. भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव और नीलांबर-पीतांबर जैसे महापुरुषों के त्याग और बलिदान का परिणाम है कि आज अलग झारखंड राज्य अस्तित्व में है. महापुरुषों ने संघर्ष और बलिदान से इस राज्य को जन्म दिया. उन्होंने कहा कि आदिवासी-मूलवासी समाज ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है. अब नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह इस विरासत को सुरक्षित रखे.
जल, जंगल और जमीन की रक्षा का लेना होगा संकल्प
सीएम ने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल पहाड़ और प्राकृतिक संसाधन नहीं हैं, बल्कि झारखंड के लोगों के जीवन का आधार हैं. आने वाली पीढ़ियों के लिए इन्हें बचाना जरूरी है. राज्य के 26 वर्ष पूरे होने के साथ युवाओं को भी राज्य के विकास और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए.
इसे भी पढ़ें -
महिलाओं के हुनर को मिल रहा बाजार
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की महिलाओं ने बड़े पैमाने पर अपने हुनर और कौशल का प्रदर्शन किया है. महिलाएं विभिन्न उत्पाद तैयार कर व्यापार से जुड़ रही हैं. सरकार उनके उत्पादों को बेहतर बाजार और उचित कीमत दिलाने के लिए प्रयास कर रही है. राज्य के कई उत्पादों को जीआई टैग मिलने से भी झारखंड की पहचान मजबूत हुई है.
शिक्षा और युवाओं को आर्थिक मदद पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गरीबी और शिक्षा के स्तर की चुनौतियों को देखते हुए सरकार बच्चों की पढ़ाई और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता दे रही है. विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने के साथ लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है. सरकार का प्रयास है कि आर्थिक स्थिति किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बने.
महिलाओं के खाते में पहुंच रही आर्थिक सहायता
सीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि करीब 50 लाख घरों तक प्रत्येक घर में 10 हजार रुपए की सहायता पहुंचाने का काम किया जा रहा है. सरकार चाहती है कि राज्य के जनमानस की आर्थिक स्थिति मजबूत और लोग आत्मनिर्भर बनें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने लंबे संघर्ष के बाद अपनी पहचान बनाई है. अब इस पहचान को विकास, शिक्षा और आर्थिक मजबूती के जरिए नई ऊंचाई पर ले जाना है. सरकार का संकल्प है कि आने वाले वर्षों में झारखंड देश के विकसित राज्यों में अपनी मजबूत जगह बनाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

