Search

 
 
 

झारखंड बजट: AISA छात्र संघ ने शिक्षा मद में बढ़ोतरी को बताया अपर्याप्त

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) छात्र संघ ने झारखंड बजट 2026–27 पर टिप्पणी करते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी की है. संघ ने शिक्षा क्षेत्र के लिए निर्धारित बजट को राज्य की जरूरतों की तुलना में अपर्याप्त बताया है.
 

Ranchi : ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) छात्र संघ ने झारखंड बजट 2026–27 पर टिप्पणी करते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी की है. संघ ने शिक्षा क्षेत्र के लिए निर्धारित बजट को राज्य की जरूरतों की तुलना में अपर्याप्त बताया है.

 

जारी बयान में कहा गया है कि झारखंड बजट 2026–27 में कुल व्यय ₹1,58,560 करोड़ निर्धारित किया गया है, जिसमें शिक्षा पर कुल ₹18,815 करोड़, यानी लगभग 11.9% व्यय प्रस्तावित है.

 

AISA के अनुसार, इसमें उच्च शिक्षा का हिस्सा मात्र लगभग 1.6% है, जो राज्य की दीर्घकालिक ज्ञान-आधारित प्रगति और शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण के लिए पर्याप्त नहीं है.

 

छात्र संघ ने सामाजिक न्याय और समान अवसर के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि छात्रवृत्ति, छात्रावास सहायता तथा वंचित समुदायों के विद्यार्थियों के लिए लक्षित योजनाओं में स्पष्ट और ठोस वृद्धि का अभाव चिंताजनक है. बयान में कहा गया है कि इससे प्रथम पीढ़ी के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा तक पहुंच सीमित हो सकती है और शिक्षा में असमानता बढ़ सकती है.

 

AISA ने नए शैक्षणिक संस्थानों की घोषणाओं का स्वागत किया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि पुराने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की आधारभूत संरचना, शिक्षकों की रिक्तियां, प्रयोगशाला सुविधाएं तथा अनुसंधान को प्रोत्साहन देने के लिए स्पष्ट निवेश योजना आवश्यक है.

 

संघ का मत है कि कौशल-आधारित शिक्षा और रोजगार से जुड़ी प्रशिक्षण व्यवस्थाओं को मजबूत किए बिना शिक्षा का सामाजिक और आर्थिक लाभ सीमित रहेगा.

 

छात्र संघ ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि शिक्षा को सार्वजनिक अधिकार के रूप में मानते हुए इसमें सार्थक निवेश वृद्धि की जाए, छात्र सहायता योजनाओं का विस्तार किया जाए और एक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ तथा सार्वजनिक वित्तपोषित शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही