Ranchi News : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में चैंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो से मुलाकात की. इस दौरान कारोबारियों ने राज्य में व्यापार, उद्योग और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर स्पीकर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और व्यावसायिक समस्याओं के समाधान की मांग की.
इसे भी पढ़ें...
बैठक में कारोबारियों ने लॉ एंड ऑर्डर (कानून-व्यवस्था) को लेकर अपनी गहरी चिंता जाहिर की. चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने हाल ही में जमशेदपुर में हुई बैंक लूट और गोलीकांड जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की.
इसके लिए इंडस्ट्रियल एरिया की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीआईएसएफ (CISF) की तर्ज पर 'झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया सिक्योरिटी फोर्स' के गठन का भी सुझाव दिया गया.
इसके अलावा, चैंबर ने वर्तमान समय में ट्रेड लाइसेंस की व्यवस्था को औचित्यहीन बताते हुए इसे खत्म करने, होल्डिंग टैक्स की समीक्षा करने और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हर तीन महीने पर औद्योगिक समीक्षा बैठक आयोजित करने की मांग प्रमुखता से रखी.
व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने खासमहल भूमि की समस्या को एक बड़ा मुद्दा बताया. उन्होंने आश्वस्त किया कि इस जमीन को फ्रीहोल्ड करने और इसकी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जल्द ही एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा.
पूरी समीक्षा के बाद इस अहम मुद्दे को विधानसभा पटल पर भी रखा जाएगा. स्पीकर ने कारोबारियों को यह भी भरोसा दिलाया कि उद्योग और व्यापार से जुड़े अन्य सभी मुद्दों पर विधानसभा के जरिए मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा, ताकि राज्य में एक सुगम और सुरक्षित कारोबारी माहौल बन सके.
इस वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल के साथ उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग भी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

