- स्टेशन रोड को जाम से बचाने के लिए वैकल्पिक ठहराव की मांग
- गिरिडीह में नो-इंट्री से परेशानी, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट की मांग
- 75 उप-समितियों का हुआ गठन
Ranchi News: झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स की तीसरी कार्यकारिणी बैठक में बाजार समितियों के किराये में वृद्धि का कड़ा विरोध किया गया. चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि बिना विमर्श के व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डालना अनुचित है. इस मुद्दे पर जल्द ही राज्य के कृषि मंत्री से वार्ता की जाएगी. बैठक में जमीन और मकान के निबंधन शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि को वापस लेने की भी मांग की गई.
इसे भी पढ़ें:
रांची स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1 पर पुनर्निर्माण कार्य प्रस्तावित है. इसके बंद होने से स्टेशन रोड पर भारी यातायात दबाव बढ़ेगा. चैंबर ने रांची रेल मंडल से समन्वय कर वैकल्पिक व्यवस्था बनाने की मांग की है. सदस्यों ने सुझाव दिया कि जाम से बचने के लिए सभी संबंधित ट्रेनों का ठहराव नामकुम और अरगोड़ा स्टेशनों पर सुनिश्चित किया जाए.
गिरिडीह में सुबह 8 से रात 10 बजे तक नो-इंट्री के कारण कच्चे माल की ढुलाई प्रभावित हो रही है. कोयलांचल उपाध्यक्ष ने इसके समाधान और नया बाईपास बनाने की मांग उठाई. कोल्हान उपाध्यक्ष ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को जल्द चालू करने और नेमरा में अत्याधुनिक अस्पताल खोलने पर जोर दिया. रामगढ़ के गोला में नए औद्योगिक क्षेत्र और पलामू के मेदिनीनगर में ट्रैफिक डीएसपी की नियुक्ति का मुद्दा भी उठाया गया.
वर्तमान सत्र के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए सर्वसम्मति से 75 उप-समितियों का गठन किया गया. बस परमिट के नवीनीकरण में आ रही दिक्कतों को लेकर विभागीय सचिव से वार्ता करने पर सहमति बनी. वहीं, छोटे दुकानदारों को हो रही सिक्कों की कमी का मामला भी बैठक में रखा गया. अंत में पूर्व उप समिति चेयरमैन स्व. योगेंद्र पोद्दार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

