Ranchi News: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की 62वीं वार्षिक आमसभा शनिवार, 12 सितंबर को चैंबर भवन में सुबह 11 बजे से आयोजित की जाएगी. इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्यभर के अग्रणी उद्योगपति, व्यवसायी और प्रोफेशनल्स भाग लेंगे.
इसे भी पढ़ें:
वार्षिक आमसभा को लेकर जानकारी देते हुए चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह बैठक संस्था की सभी गतिविधियों का मुख्य केंद्रबिंदु है. उन्होंने बताया कि स्थापना से लेकर अब तक के 66 वर्षों के सफर में पूर्व अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत राज्यस्तरीय पहचान दिलाने में निरंतर योगदान दिया है. वर्तमान सत्र में भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए व्यापार और उद्योग जगत के हित में कई अहम प्रयास किए गए हैं.
महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि चैंबर केवल व्यापार और उद्योग की प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भी पूरी निष्ठा से प्रयासरत है. उन्होंने प्रदेश के सभी व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स से शनिवार को आयोजित होने वाली 62वीं वार्षिक आमसभा में बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की.
इधर, 13 सितंबर को होने वाले चुनाव से पहले शुक्रवार को चुनाव समिति ने मतदान स्थल मारवाड़ी भवन का जायजा लिया. इस दौरान चुनाव कार्य में लगाए गए सीए और सीएस इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों एवं अन्य कर्मियों को मतदान व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
चुनाव समिति के चेयरमैन अंचल किंगर ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं और तैयारियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप पूरी हो चुकी हैं.
वहीं, चुनाव समिति के को-चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में लगे सभी लोगों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत करा दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान स्थल पर अनुशासन और निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित किया जाएगा.
गौरतलब है कि झारखंड चैंबर के आगामी सत्र में 21 कार्यकारिणी सदस्यों और तीन प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के निर्वाचन के लिए रविवार, 13 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में मतदान कराया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

