Search

झारखंड : अपराधियों के निशाने पर ज्वेलरी शॉप्स, 6 माह में 8 जिलों से 13.32 करोड़ के आभूषण की लूट

Ranchi :  झारखंड में ज्वेलरी (आभूषण) दुकानें इन दिनों अपराधियों के निशाने पर हैं. बीते 180 दिनों (छह महीने) के दौरान राज्य के आठ जिलों में हुई लूट और चोरी की वारदातों ने व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है. इन छह महीनों में इन जिलों की अलग अलग ज्वेलरी दुकानों से कुल 13.32 करोड़ रुपये मूल्य के जेवरातों की लूट और चोरी हुई है.

 

हजारीबाग, जमशेदपुर, बोकारो, पलामू, गिरिडीह, साहेबगंज, देवघर और रामगढ़ जैसे जिलों में हुई इन बड़ी वारदातों ने राज्य के व्यापारिक वर्ग को भारी असुरक्षा की स्थिति में ला खड़ा किया है. पुलिस ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है और अधिकतर चोरी और लूट की वारदातों में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. इसके बावजूद, लगातार हो रही बड़ी घटनाएं पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की एक गंभीर चुनौती पेश कर रही है.

 

180 दिनों में इन आठ जिलों से हुई 13.32 करोड़ के जेवरात की लूट 

- 16 नवंबर 2025 : हजारीबाग के बरही चौक पर हथियारबंद अपराधियों ने जय माता दी ज्वेलर्स के दुकानदार रविंद्र कुमार से करीब पांच करोड़ रुपए के जेवरात लूट लिए. यह घटना रात करीब नौ बजे हुई, जब वो दुकान बंद कर जेवरातों से भरा बैग अपनी कार में रख रहे थे.

- 01 नवंबर 2025 :  साहिबगंज में ज्वेलरी शॉप से 15 लाख के जेवरात चोरी हुई थी. तीनपहाड़ थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर यह घटना घटी थी.

- 31 अक्टूबर 2025 :  गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित संतोष ज्वेलर्स का शटर का ताला व दुकान का लॉकर तोड़कर अपराधी करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात ले गये.

- 30 अक्टूबर 2025 :  पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में अपराधियों ने दुकान का शटर काटकर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए.

- 25 अक्टूबर 2025 :  गिरिडीह जिले के बेंगाबाद बाजार में संचालित एमवी ज्वेलर्स में अपराधी सेंधमारी कर सोना-चांदी समेत 10 लाख के जेवरात लेकर फरार हो गए.

- 07 सितंबर 2025 : रामगढ़ थाना क्षेत्र के सतकौड़ी नगर में सोने चांदी के होलसेल दुकान जीसी जेवेलर्स से अपराधी तीन लाख रुपये का जेवर लूटकर फरार हो गये.

- 03 सितंबर 2025 : जमशेदपुर शहर के सोनारी डिस्पेंसरी रोड स्थित वर्द्धमान ज्वेलर्स में दिनदहाड़े छह की संख्या में आए अपराधियों ने कर्मचारियों की कनपटी पर पिस्तौल सटा कर 36 लाख के जेवर लेकर फरार हो गये.

- 02 सितंबर 2025 :  हजारीबाग के बरकट्ठा में बैंक ऑफ इंडिया के पास स्थित ज्योति ज्वेलर्स से अपराधी करीब 20 लाख रुपए के गहने और नगदी लेकर फरार हो गए थे. 

- 30 जून 2025 : जमशेदपुर के चाकुलिया थाना क्षेत्र स्थित बिरसा चौक के समीप अपराधियों ने पिस्तौल के दम पर ज्वेलरी दुकानदार से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के सोना व नगदी लूट लिए थे. 

- 26 जुलाई 2025 : देवघर के पालोजोरी में ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर 3.65 लाख के गहने व नकद की चोरी

- 23 जून 2025 : बोकारो के चास थाना क्षेत्र के बाईपास रोड स्थित आस्था ज्वेलर्स में चार अपराधियों ने दुकान में घुसकर पांच करोड़ के जेवर समेत नगद लूट लिए थे.

- 21 जून 2025 :  पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना से महज 150 मीटर दूर गांधी चौक पर रात में एक ज्वेलरी शॉप के मालिक को निशाना बनाकर चोरों ने 30 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गये.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//