Ranchi News : 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर लीग मुकाबले में ओडिशा नेवल टाटा हॉकी अकादमी (एचपीसी), भुवनेश्वर को 3-1 से हरा दिया. नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में झारखंड की टीम ने बेहतरीन तालमेल और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर जीत दर्ज की.
इसे भी पढ़ें...
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग ले रही झारखंड की टीम का प्रतिनिधित्व सीएम एक्सीलेंस गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिमडेगा की खिलाड़ियों ने किया.
टीम की ओर से संदीपा कुमारी, आरती कुमारी और राजमुनी कुमारी ने एक-एक गोल कर जीत में अहम योगदान दिया. शानदार प्रदर्शन के लिए संदीपा कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्हें एमपी हॉकी अकादमी की कोच आकांक्षा ने सम्मानित किया.

प्लेयर ऑफ द मैच
झारखंड की टीम कोच अभिषेक साहू और आरती बड़ाईक, मैनेजर एमा बारा और फिजियोथेरेपिस्ट निशु डुड्डी के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है. इस जीत से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है. झारखंड की टीम अब 16 अक्टूबर को एमपी वूमेन्स हॉकी अकादमी के खिलाफ मैदान में उतरेगी. टीम की नजर अगले मुकाबले में भी जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी बनाए रखने पर होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

