Ranchi News : दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए झारखंड में स्पेशल ब्रांच के 500 से अधिक अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है. इनमें 20 से अधिक डीएसपी, 40 से अधिक इंस्पेक्टर, 150 से अधिक सब-इंस्पेक्टर और करीब 300 जवान शामिल हैं.
सभी अधिकारी और जवान सादे लिबास में रहकर पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी करेंगे. इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ वे लगातार खुफिया जानकारी जुटाएंगे. राजधानी रांची में कांके रोड से मेन रोड तक विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है.
इसे भी पढ़ें
वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी डीएसपी स्तर के अधिकारियों, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और जवानों को सादे लिबास में तैनात किया गया है. इनकी जिम्मेदारी पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखने की होगी. सभी अधिकारी और जवान अपने-अपने क्षेत्रों में खुफिया जानकारी जुटाकर संबंधित जिले के एसपी और पुलिस मुख्यालय को रिपोर्ट करेंगे.
पुलिस मुख्यालय की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पिछले वर्षों में दशहरा और दुर्गा पूजा के दौरान हुई घटनाओं को ध्यान में रखकर संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया जाए. जिन इलाकों में पहले किसी तरह की घटना हो चुकी है, वहां विशेष सतर्कता बरतने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है.
इसके अलावा, किसी भी स्थान पर संदिग्ध गतिविधि या संभावित अप्रिय घटना की आशंका मिलने पर तत्काल संबंधित जिले के एसपी और पुलिस मुख्यालय को सूचना देने का निर्देश दिया गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त जवानों की तैनाती के लिए भी समय रहते सूचना उपलब्ध करानी होगी.
स्पेशल ब्रांच के अधिकारी और जवान पूरे पर्व के दौरान लगातार इनपुट जुटाएंगे, ताकि किसी भी संभावित खतरे की जानकारी समय रहते पुलिस अधिकारियों तक पहुंच सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.


