Search

 
 
 

Jharkhand : गुमला से लापता बच्ची के मामले में आरोपी वृद्धा को हाईकोर्ट से मिली जमानत

Ranchi News : अपीलकर्ता की ओर से अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि वे 73 वर्ष की हैं और 6 जून 2026 से हिरासत में हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जांच में स्वतंत्र गवाहों ने साफ कहा है कि सूचक अपनी बेटी की नियमित रूप से पिटाई करती थी, इसी कारण बेटी घर से चली गई थी.
 
हाईकोर्ट

Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने गुमला में लापता बच्ची से जुड़े मामले में आरोपी 73 वर्षीय भुखली देवी उर्फ भुखली उरांव उर्फ भुखली लकड़ा को जमानत दे दी है. खंडपीठ ने उसकी क्रिमिनल अपील को स्वीकार करते हुए गुमला के अपर सत्र न्यायाधीश-I-सह-विशेष न्यायाधीश के 13 जुलाई 2026 के आदेश को रद्द कर दिया. निचली अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी.

 

इसे भी पढ़ें...

 

मामला एएचटीयू (गुमला) थाना कांड संख्या 03/2020 से जुड़ा है. सूचक का आरोप है कि भुखली देवी उसकी बेटी को धार्मिक अनुष्ठानों में मदद के लिए अपने साथ ले गई और 15 दिन तक रखा. बेटी को वापस लाने गई मां के साथ मारपीट की गई और धमकी दी गई. 5 सितंबर 2018 को दोबारा जाने पर भी सूचक को बेटी नहीं मिली, जिसके बाद मामला दर्ज हुआ.

 

अपीलकर्ता की ओर से अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि वे 73 वर्ष की हैं और 6 जून 2026 से हिरासत में हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जांच में स्वतंत्र गवाहों ने साफ कहा है कि सूचक अपनी बेटी की नियमित रूप से पिटाई करती थी, इसी कारण बेटी घर से चली गई थी.

 

अदालत ने केस डायरी के पैरा 57, 58 और 59 में दर्ज गवाहों के बयानों का हवाला दिया. इनके अनुसार बेटी सूचक की मारपीट से तंग आकर बुजुर्ग महिला के पास रहती थी और केस केवल शक के आधार पर दर्ज कराया गया. गवाह बटिया लकड़ा और फूलमनी तिर्की ने भी यही बात कही. सरकारी पक्ष (एपीपी) ने जमानत का विरोध किया.

 

गवाहों के बयान, हिरासत की अवधि और 73 वर्ष से अधिक उम्र को देखते हुए खंडपीठ ने जमानत मंजूर की. भुखली देवी को 10-10 हजार रुपये के दो जमानतदारों के साथ 10 हजार रुपये का निजी मुचलका भरना होगा, जो गुमला के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की संतुष्टि पर होगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही