Ranchi : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत 14 जुलाई को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की संयुक्त बैठक के साथ चुनाव पाठशाला का आयोजन किया जाएगा. यह बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें मतदाता सूची के सत्यापन और पुनरीक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी.
उन्होंने बताया कि चुनाव पाठशाला के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रारूप एएसडीडी सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाएंगे, ताकि सूची का सत्यापन किया जा सके. इसके अलावा अनमैप्ड मतदाताओं की स्थिति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श होगा.
के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए मतदाताओं, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2), सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवा मतदाता समूहों, बूथ अवेयरनेस ग्रुप और अन्य संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बैठक में केवल भारतीय नागरिक ही शामिल होंगे.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चक्रधरपुर विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या 195 एवं 196, तोरपा विधानसभा के बूथ संख्या 87, बड़कागांव विधानसभा के बूथ संख्या 44 तथा सिमडेगा विधानसभा के बूथ संख्या 218 पर सभी मतदाताओं के इन्यूमरेशन फॉर्म भरने और उनके शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है. उन्होंने इन बूथों के बीएलओ, बीएलए-2, मतदाताओं और अन्य संबंधित लोगों को बधाई देते हुए अन्य मतदान केंद्रों से भी इसी तरह समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की.
उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में 83.40 प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं. वहीं, 5,336 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां सभी मतदाताओं को उनके बीएलओ द्वारा फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे भरे हुए और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जल्द से जल्द अपने बीएलओ को सौंपें, ताकि डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा किया जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment