झारखंड को मिले 6 नए IPS अधिकारी, गृह मंत्रालय ने जारी की कैडर आवंटन सूची
By Lagatar News
Jun 01, 2026 06:08 PM
दो झारखंड के, चार दूसरे राज्यों से आकर संभालेंगे जिम्मेदारी
Ranchi : केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय (पुलिस-I डिवीजन) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2024 के आधार पर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित अधिकारियों के कैडर आवंटन की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है.
एक जून को गृह मंत्रालय के अवर सचिव संजीव कुमार की ओर से जारी सूची के अनुसार देशभर में सफल अभ्यर्थियों को उनकी रैंक, श्रेणी और वरीयता के आधार पर अलग-अलग राज्यों का कैडर आवंटित किया गया है.
इस बार झारखंड को 6 नए आईपीएस अधिकारी मिले हैं. इससे राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि झारखंड कैडर पाने वाले अधिकारियों में दो अभ्यर्थी राज्य के ही गृह राज्य से हैं, जबकि चार अधिकारी दूसरे राज्यों से आकर यहां अपनी सेवाएं देंगे.
झारखंड कैडर पाने वाले अधिकारियों में करन कुमार (रैंक 174) और सौरभ राजेंदु (रैंक 199) झारखंड के ही निवासी हैं. वहीं, दिल्ली से काबिल भार्गव (रैंक 122) और पुलकित बंसल (रैंक 155), उत्तर प्रदेश से मानसी सिंह (रैंक 168) और राजस्थान से कर्मवीर नरवाडिया (रैंक 795, अनुसूचित जाति) को झारखंड कैडर आवंटित किया गया है.
नए अधिकारियों के आने से राज्य में पुलिसिंग व्यवस्था को और धार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. आने वाले समय में प्रशिक्षण और औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ये अधिकारी झारखंड में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे.
Leave a Comment