Search

झारखंड सरकार की शिक्षा, शोध और कौशल विकास के लिए जिंदल फाउंडेशन से साझेदारी

Ranchi: झारखंड सरकार शिक्षा और कौशल विकास के जरिए राज्य के युवाओं को वैश्विक मंच के लिए तैयार करने की दिशा में काम कर रही है. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ मानव संसाधन को सशक्त बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से जिंदल फाउंडेशन ने झारखंड सरकार के साथ शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में व्यापक साझेदारी का प्रस्ताव रखा है.

 

लंदन में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में गए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के समक्ष जिंदल फाउंडेशन ने अपनी अभिरुचि की अभिव्यक्ति ‘Expression of Interest’ पेश की. इस प्रस्ताव के तहत शिक्षा, शोध और प्रशासनिक क्षमता निर्माण सहति विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा.

 

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की होगी स्थापना

प्रस्ताव के अनुसार सार्वजनिक नीति और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर शोध को बढ़ावा दिया जाएगा, जिसमें पूर्वी भारत की चुनौतियों को केंद्र में रखा जाएगा. इसका उद्देश्य क्षेत्रीय छात्रों को समावेशी और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा से जोड़ना है. इसके साथ ही IIT-ISM धनबाद, BIT सिंदरी सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी. जहां स्टील सेक्टर, खनिज प्रसंस्करण और क्रिटिकल मिनरल्स पर शोध और नवाचार किया जाएगा.

 

संयुक्त छात्रवृत्ति देने का प्रस्ताव 

हाशिए पर रहने वाले मेधावी छात्रों के लिए राज्य सरकार और जिंदल फाउंडेशन साझेदारी के आधार पर संयुक्त छात्रवृत्ति कार्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव है. इसके तहत वंचित समुदायों, छात्राओं और होनहार खिलाड़ियों को कानून, सार्वजनिक नीति और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी.

 

प्रशासनिक अधिकारियों को मिलेंगी विशेष ट्रैनिंग

इसके अलावा झारखंड लोक सेवा आयोग से चयनित लगभग 30 मध्य-स्तरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के लिए वर्ष में दो बार विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि शासन और सेवा वितरण में वैश्विक मानकों को अपनाया जा सके.

 

बेहतर होगी मानव विकास सूचकांक 

जिंदल फाउंडेशन ने कहा कि रामगढ़ और पतरातू क्षेत्र के स्टील हब के रूप में उभरने से झारखंड में कुशल मानव संसाधन की मांग बढ़ी है. फाउंडेशन राज्य की इस आवश्यकता को पूरा करने और मानव विकास सूचकांक को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp