Search

 
 
 

दुबई में फंसे झारखंड के मजदूर सुरक्षित, जल्द होगी स्वदेश वापसी: डॉ इरफान

दुबई में फंसे झारखंड के गिरिडीह और हजारीबाग जिले के मजदूरों को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट किया है कि सभी मजदूर पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें जल्द ही स्वदेश वापस लाया जाएगा.
 

Ranchi: दुबई में फंसे झारखंड के गिरिडीह और हजारीबाग जिले के मजदूरों को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट किया है कि सभी मजदूर पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें जल्द ही स्वदेश वापस लाया जाएगा. 

 

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि मजदूरों के बंधक बनाए जाने की सूचना मिलने के बाद वे व्यक्तिगत रूप से इस मामले को लेकर गंभीर रूप से चिंतित थे. मजदूरों के परिजन लगातार उनसे संपर्क में थे और अपने परिजनों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे थे.

 

सूचना मिलते ही दुबई में मौजूद झारखंड के लोगों को सक्रिय किया गया. डॉ. अंसारी ने बताया कि दुबई में रह रहे जाहिद नामक व्यक्ति ने मजदूरों का पता लगाया, उनसे संपर्क स्थापित किया और पूरी स्थिति की जानकारी साझा की.

 

जाहिद के मौके पर पहुंचते ही मजदूरों को काफी राहत मिली. मंत्री के अनुसार मजदूरों से उनकी सीधी बातचीत कराई गई है और आवश्यक औपचारिकताओं के तहत पासपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए हैं.  उन्होंने कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और हर स्तर पर मदद की जा रही है.

 

मंत्री ने यह भी बताया कि वे इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लगातार संपर्क में हैं और एक से दो दिनों के भीतर सभी मजदूरों को सुरक्षित झारखंड वापस लाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.

 

डॉ. इरफान अंसारी ने मजदूरों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि चाहे झारखंड हो, देश हो या विदेश, सरकार और कार्यकर्ता हर जगह जिम्मेदारी और इंसानियत के साथ काम कर रहे हैं.

 

उन्होंने बयानबाजी करने वालों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल बोलते हैं, जबकि वे खुद जमीन पर उतरकर काम करने में विश्वास रखते हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही