Ranchi News : झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है. आंदोलन के पहले दिन 14 सितंबर को राज्यभर के कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया.
इसे भी पढ़ें...
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ का कहना है कि कर्मचारियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं. संघ की प्रमुख मांग है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक के 6 अगस्त 2026 के पत्र के अनुसार जिला स्तर पर सरकारी व्यवस्था से 108 एंबुलेंस सेवा शुरू की जाए.

एंबुलेंस कर्मचारी
इसके अलावा सम्मान फाउंडेशन की ओर से सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखने, EPF, ESI, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी और न्यूनतम वेतन समेत सभी जरूरी श्रमिक अधिकार देने की मांग की गई है.
संघ के अनुसार 14 से 19 सितंबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे. 19 सितंबर को सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा. 21 सितंबर को सिविल सर्जन कार्यालय के सामने भिक्षाटन कार्यक्रम और 23 सितंबर को धरना-प्रदर्शन होगा.
इसके बाद 25 सितंबर को राज्यभर में एक दिन की पूर्ण हड़ताल की जाएगी. इस दौरान रांची के नामकुम स्थित NHM कार्यालय के सामने भी धरना-प्रदर्शन होगा. संघ ने 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है.
संघ ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार से लगातार बातचीत और आग्रह किया गया है. लेकिन अब तक सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण आंदोलन का फैसला लिया गया है. संघ ने सरकार से जल्द मांगों पर कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि आगे आंदोलन करने की जरूरत न पड़े. संघ ने कहा कि पूरा आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

