- सहकारिता प्रभाग की योजना : 14 केंद्रों में ज्यादातर चालू, तीन में बिजली कनेक्शन का इंतजार
Ranchi News : राज्य में सहकारिता प्रभाग के तहत बनाए जा रहे 5000 मीट्रिक टन क्षमता वाले 20 शीत भंडारण (कोल्ड स्टोरेज) में से 14 केंद्रों को हैंडओवर किया जा चुका है. इनमें ज्यादातर केंद्र चल रहा हैं. वहीं, 6 शीत भंडारण का काम चल रहा है. विभाग की 8 अगस्त 2026 तक की रिपोर्ट में यह स्थिति सामने आई है.
इसे भी पढ़ें...
हैंडओवर किए गए केंद्रों में पूर्वी सिंहभूम, देवघर, हजारीबाग, पाकुड़, लोहरदगा, चाईबासा, कोडरमा और साहेबगंज शामिल हैं. इन केंद्रों के संचालन के लिए निविदा के माध्यम से एजेंसियों का चयन किया गया है. कुछ केंद्रों में संचालन शुरू हो चुका है.
3 केंद्रों में विद्युतीकरण का काम बाकी
गिरिडीह, दुमका के जामा और जरमुंडी स्थित शीत भंडारण को हैंडओवर तो किया जा चुका है, लेकिन यहां विद्युतीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है. रांची में हैंडओवर की प्रक्रिया चल रही है. इससे इन केंद्रों को पूरी क्षमता से संचालित करने में अभी समय लग सकता है.
गुमला में 98% काम पूरा
निर्माणाधीन केंद्रों में गुमला का काम करीब 98% पूरा हो चुका है. यहां कुछ फिनिशिंग कार्य बाकी हैं. गढ़वा में पार्ट-1 का काम पूरा हो गया है, जबकि पलामू में पार्ट-सी पूरा हो चुका है. अन्य हिस्सों में निर्माण और फिनिशिंग का काम चल रहा है. सरायकेला-खरसावां में पार्ट-ए और पार्ट-सी का काम पूरा हो चुका है. पार्ट-बी का काम अंतिम चरण में है. बाउंड्री वॉल, गेट और टॉयलेट ब्लॉक का काम भी पूरा हो चुका है.
लातेहार में बाउंड्री वॉल का करीब 20% काम पूरा हुआ है और फाउंडेशन का काम चल रहा है. सिमडेगा के बानो में अंचल अधिकारी की ओर से जमीन उपलब्ध करायी गयी है. इसके बाद मिट्टी जांच के लिए ग्रुप कंसल्टेंसी को पत्र भेजा गया है. नई साइट पर सर्वे के लिए कंसल्टेंसी के आने का इंतजार है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

