Search

 
 
 

Jharkhand News: झारखंड में 151 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की होगी नियुक्ति– डॉ. इरफान अंसारी

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को जामताड़ा स्थित अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ी घोषणाएं कीं.
 

Jamtara: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को जामताड़ा स्थित अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों 151 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों, 56 ड्रग इंस्पेक्टरों तथा 55 हॉस्पिटल मैनेजरों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा.


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब जिले के अस्पतालों को केवल सिविल सर्जन के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा. अस्पतालों की कार्यप्रणाली की निगरानी के लिए 55 हॉस्पिटल मैनेजरों की नियुक्ति की जा रही है. इनकी जिम्मेदारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर नजर रखना होगी. किसी भी प्रकार की अनियमितता या त्रुटि पाए जाने पर वे सीधे स्वास्थ्य विभाग और स्वास्थ्य मंत्री को इसकी जानकारी देंगे.

 

उन्होंने राज्य के अस्पतालों के स्वास्थ्य व्यवस्था देखते हुए सिविल सर्जनों को कड़ा संदेश दिया. मंत्री ने कहा कि सभी सिविल सर्जनों को अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है. यदि इस अवधि में अस्पतालों की स्थिति में सुधार नहीं दिखा तो संबंधित सिविल सर्जनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

 

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य को जल्द ही 224 अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नई एंबुलेंस मिलने जा रही हैं, जिससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में भी मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी.


जामताड़ा सदर अस्पताल को मिलेंगे 7 डॉक्टर

जामताड़ा के लोगों के लिए बड़ी सौगात की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि बुधवार को जामताड़ा सदर अस्पताल को सात सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर मिलेंगे. इससे जिले के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध होंगी.

 

मंत्री ने यह भी बताया कि मंझिया में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किया जाएगा. इसके साथ ही नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे. इस राशि का उपयोग मेडिकल कॉलेज से जुड़े डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के आवास, आधारभूत संरचना तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास में किया जाएगा.

 

प्रेस वार्ता के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार के लगातार प्रयासों से झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था तेजी से सुदृढ़ हो रही है और आने वाले दिनों में इसका लाभ सीधे आम जनता को मिलेगा.




Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही