- 14 हजार से अधिक गरीबों को मिलेगा पक्का मकान
Ranchi News : झारखंड के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत केंद्र सरकार ने 211.26 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है. फंड निर्गत होने से राज्य के 14 हजार से अधिक चिन्हित परिवारों के लिए पक्के मकान बनने का रास्ता साफ हो गया है. बजट स्वीकृति के साथ ही अब नगर निकायों में आवास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के पोर्टल पर सत्यापन के बाद 14,084 पात्र परिवारों की अंतिम सूची तय की गई है. केंद्र सरकार ने इन चिन्हित लाभार्थियों के लिए फंड की पहली किस्त के रूप में 211.26 करोड़ रुपये जारी किए हैं. राशि जारी होने के बाद निकायों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं. निर्माण कार्य तुरंत धरातल पर शुरू कराने को कहा गया है. तय समय सीमा में काम पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है. इससे शहरी गरीबों का अपने पक्के घर का सपना पूरा हो सकेगा.
योजना के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक पक्के मकान के लिए कुल 2.50 लाख रुपये का सरकारी अनुदान निर्धारित है. इसमें केंद्र सरकार 1.50 लाख रुपये और राज्य सरकार 1.00 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करती है, जबकि शेष लागत लाभार्थी अंशदान के तहत वहन की जाती है. केंद्र की ओर से अपने हिस्से की राशि मंजूर किए जाने के बाद अब चयनित लाभार्थियों के बैंक खातों में अनुदान की राशि सीधे हस्तांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

