Search

शादी का झांसा, यौन शोषण, गर्भपात और दहेज की लालच में दूसरी शादी के फेर में फंसे डीएसपी

Ranchi :  झारखंड पुलिस के एक डीएसपी पर लगे गंभीर आरोपों के बाद यह मामला सुर्खियों में है. पूरे मामले को देखें तो डीएसपी रैंक का यह अफसर शादी का झांसा, यौन शोषण, गर्भपात और दहेज की लालच में दूसरी शादी के फेर में फंस गये हैं. यह मामला तब सुर्खियों में आया, जब पीड़िता ने डीजीपी तदाशा से मिलकर मामले की शिकायत की. जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज हुई और अब उनका कैरियर दांव पर है.

पीड़िता का आरोप है कि करीब दो साल तक डीएसपी ने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाया. गर्भवती होने पर दबाव बनाकर गर्भपात करा दिया. और फिर दहेज के लालच में किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली. हालांकि डीएसपी का पक्ष अभी तक सामने नहीं आ पाया है. 

 

युवती के मुताबिक, डीएसपी ने हर बार भरोसा दिया कि शादी उसी से होगी. इसी बीच डीएसपी का रिश्ता एक बड़े नेता के करीबी परिवार में तय हो गया. युवती का आरोप है कि तिलक-दहेज के लालच में उसने दूरी बनानी शुरू कर दी. फोन पर बातें और मुलाकातें कम होने लगीं और आखिरकार उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली.

कई अधिकारियों के पास गई, लेकिन नहीं हुई कार्रवाई

पीड़िता का कहना है कि वह इंसाफ के लिए दर-दर भटकती रही. रांची में कई अधिकारियों के पास गई और अपनी आपबीती सुनाई. लेकिन कहीं कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. सभी जगहों से निराशा हाथ लगने के बाद गुरुवार को वह पुलिस मुख्यालय पहुंची और झारखंड के डीजीपी के सामने अपनी आपबीती बताई. डीजीपी ने मामले की गंभीरता से लेते हुए शीर्ष अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके बाद रांची के चुटिया थाना में डीएसपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.

 

पीड़िता को निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उम्मीद

पीड़िता ने साफ कहा है कि अब वह पीछे हटने वाली नहीं है. उसका कहना है कि उसने काफी समय तक इंतजार किया, कई जगह गुहार लगाई, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई. अब मामला दर्ज होने के बाद उसे उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी. 


सोशल मीडिया से हुई पहचान, फिर बढ़ीं नजदीकियां

पीड़िता ने आवेदन में बताया कि साल 2024 में सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान अमित कुमार सिंह से हुई थी. इसके बाद दोनों रांची के एक रेस्टोरेंट में मिले. दिसंबर 2024 में आरोपी उसे बहला-फुसलाकर एक गेस्ट हाउस में ले गया, जहां पहली बार दोनों के बीच संबंध बने. इसके बाद लगातार मुलाकातें होती रहीं. जब युवती ने शादी की बात आगे बढ़ाई तो आरोपी ने दूरी बनानी शुरू कर दी. 

 

तीन आरोपों ने बढ़ाई मुश्किलें

मामले में तीन आरोप सबसे ज्यादा चर्चा में हैं. पहला, रांची के होटल और गेस्ट हाउस में पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड इस्तेमाल करने का आरोप. दूसरा, गर्भवती होने के बाद दबाव बनाकर गर्भपात कराने का आरोप और तीसरा, शिकायत के बाद भी समझौते और दबाव की कोशिशों का आरोप. 

 

डिजिटल साक्ष्य जुटाने में लगी पुलिस

चुटिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. होटल और गेस्ट हाउस के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस महकमे और आम लोगों की नजर बनी हुई है.  चर्चा इस बात की है कि कानून की जिम्मेदारी निभाने वाले एक अधिकारी पर लगे इतने गंभीर आरोपों के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

बेहतर अनुभव व ज्यादा खबरों के लिए ऐप पर जाएं

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें
Scan QR Code
Available on App Store & Play Store
Download for Android Download for iOS

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//