Search

 
 
 

Jharkhand News: ‘अपना मार्ट’ ने गुमला के FPO से खरीदा 2 टन आम, किसानों को मिला दोगुना मूल्य

झारखंड में किसानों और महिला उत्पादकों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में जेएसएलपीएस (JSLPS) की पहल पर अपना मार्ट और गुमला के एमवीएम बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) के बीच समझौता हुआ है.
 

Ranchi: झारखंड में किसानों और महिला उत्पादकों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में जेएसएलपीएस (JSLPS) की पहल पर अपना मार्ट और गुमला के एमवीएम बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) के बीच समझौता हुआ है. इस समझौते के तहत पहले चरण में ‘अपना मार्ट’ ने FPO से 2 टन आम्रपाली आम की खरीद की है. समझौते के अनुसार आगे भी FPO से आम की खरीद जारी रहेगी.


ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दिपीका पान्डेय सिंह की मौजूदगी में इस पहल की शुरुआत की गई. इस अवसर पर जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल तथा ‘अपना मार्ट’ के स्टेट सीईओ मनोज पांडेय भी मौजूद रहे. बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत तैयार किए गए, आम अब रांची स्थित ‘अपना मार्ट’ के सभी स्टोरों में उपलब्ध होंगे.


जेएसएलपीएस का उद्देश्य राज्य के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में आम बागवानी से जुड़े किसानों और महिला उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है. गुमला जिले के एमवीएम बाघिमा पालकोट FPO से जुड़ी भगवती देवी, करुणा देवी और कुमवारी बरवा ने इस पहल के लिए जेएसएलपीएस और विभागीय मंत्री का आभार व्यक्त किया.


महिला उत्पादकों ने बताया कि अब तक वे गांव के हाट-बाजारों में कम कीमत पर आम बेचने को मजबूर थीं, लेकिन इस बार ‘अपना मार्ट’ से ऑर्डर मिलने के बाद उन्हें अपने उत्पाद का दोगुना मूल्य मिला है. उन्होंने कहा कि इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बच्चों की शिक्षा सहित अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी. साथ ही वे भविष्य में आम उत्पादन बढ़ाने के लिए भी प्रयास करेंगी.


मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक शुरुआत है. उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस की टीम ने आम बागवानी से जुड़ी दीदियों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है और यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा.

 

उन्होंने कहा कि राज्य के अधिक से अधिक FPO को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाने तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है. साथ ही कहा कि इस तरह की पहल से महिला आजीविका सशक्त होगी, किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.


कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के सीओओ विष्णु परिदा, विनोद पांडेय, तापस रंजन बेहरा, संजय दास, अपना मार्ट के कैटेगरी हेड सुलभ बंसल, FPO अध्यक्ष भगवती देवी, करुणा देवी, सचिव के. बरवा, राहुल कुमार साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही