Search

 
 
 

Jharkhand News : नेमरा से ही जनहित के कार्यों का निष्पादन कर रहे CM हेमंत

Jharkhand News : नेमरा स्थित पैतृक आवास पर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए मंगलवार को राज्य के विभिन्न जिलों से लोग पहुंचे. लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और क्षेत्रीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया.
 
अधिकारियों के साथ बैठक करते सीएम हेमंत सोरेन.

Ramgarh News : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा से पारिवारिक दायित्वों के साथ जनहित के कार्यों का भी निष्पादन कर रहे हैं. उनकी मां रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग नेमरा पहुंच रहे हैं. मुख्यमंत्री लोगों से आत्मीय मुलाकात कर रहे हैं. इस दौरान वे आमजनों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दे रहे हैं.

 

इसे भी पढ़ें


नेमरा स्थित पैतृक आवास पर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए मंगलवार को राज्य के विभिन्न जिलों से लोग पहुंचे. लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और क्षेत्रीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया. कई लोगों ने अपनी मांगों से संबंधित आवेदन भी सौंपे. मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.


गिरिडीह जिले के केश्वरी गांव निवासी माधो पासवान अपनी दृष्टिबाधित पुत्री कालो कुमारी के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे. उन्होंने अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग रखी. वहीं, रांची जिले के सिल्ली प्रखंड के हाकेदाग निवासी विश्राम बेदिया ने अपनी बीमार पत्नी एतवारी देवी के इलाज की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया.


रामगढ़ जिले के हेठबरगा निवासी राज बेदिया ने रोजगार उपलब्ध कराने और दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की मांग रखी. वहीं, सांकी गांव के एक युवक ने अपने भाई अनु कुमार बेदिया की मृत्यु के बाद मुआवजा भुगतान का अनुरोध किया. मुख्यमंत्री ने संबंधित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.


नेमरा में शोक और संवेदना का माहौल

स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से लोग नेमरा पहुंच रहे हैं. लोग उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं. साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं. मुख्यमंत्री सभी लोगों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर रहे हैं.


श्राद्धकर्म की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अपने आवास पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की. इसमें मां रूपी सोरेन के दशकर्म और संस्कार भोज कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जाए, ताकि आगंतुकों को किसी तरह की परेशानी न हो.


मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के गोला चौक पर छोटा गोलंबर बनाने का निर्देश भी दिया. कहा कि चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए यह व्यवस्था जरूरी है. इससे यातायात का दबाव कम करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही