Ranchi : झारखंड में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने 11 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है. हालांकि 12 और 14 सितंबर को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार है. वहीं अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. लेकिन इसके बाद तीन दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है.
8 को रांची में भी बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 8 सितंबर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है. राजधानी रांची में भी मंगलवार को बादल छाए रहने की संभावना है. शहर के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें
9 सितंबर को उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश के आसार
9 सितंबर को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बोकारो और धनबाद समेत उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्य हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इस दौरान बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है. रांची में भी एक से अधिक बार बारिश हो सकती है. यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
10 को रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
10 सितंबर को बारिश का असर और बढ़ सकता है. रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी है. गिरिडीह और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवा और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
11 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर
11 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दिन भी मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है. रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
12 और 13 सितंबर को हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 सितंबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे. इस दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

