Ranchi: झारखंड में जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने की योजना तय लक्ष्य से काफी पीछे चल रही है. देश के 100 सबसे पिछड़े प्रखंडों की सूची में झारखंड के 14 प्रखंड शामिल हैं. इन 14 प्रखंडों के कुल 3,40,291 घरों में से अब तक सिर्फ 29,433 घरों तक ही पाइपलाइन से पेयजल पहुंच पाया है. यानी इन इलाकों में योजना की औसत प्रगति केवल 8.65 प्रतिशत है.
मोहम्मदगंज प्रखंड में 39 घरों में नल कनेक्शन
सबसे खराब स्थिति पलामू जिले के मोहम्मदगंज प्रखंड की है. यहां 9,823 घरों में से केवल 39 घरों तक ही नल का पानी पहुंचा है, जो महज 0.40 प्रतिशत है. इसके अलावा गढ़वा के सगमा प्रखंड में 7,433 घरों में से केवल 91 घरों (1.22 प्रतिशत), पलामू के हैदरनगर में 14,194 में से 245 घरों (1.73 प्रतिशत), पाकुड़ के हिरणपुर में 20,087 में से 597 घरों (2.97 प्रतिशत) और पश्चिमी सिंहभूम के झींकपानी में 11,200 में से 314 घरों (2.80 प्रतिशत) तक ही पाइपलाइन से पानी पहुंच सका है.
इसे भी पढ़ें:
साहिबगंज प्रखंड में अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति
कुछ प्रखंडों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर जरूर है, लेकिन लक्ष्य से अभी भी काफी दूर है. गढ़वा के कांडी प्रखंड में 23,617 घरों में से 7,709 घरों तक पानी पहुंचा है, जो 32.64 प्रतिशत है. गोड्डा के मेहरमा में 32,372 में से 2,629 घरों (8.12 प्रतिशत), जामताड़ा के करमाटांड़ में 21,068 में से 680 घरों (3.23 प्रतिशत), पाकुड़ के महेशपुर में 57,872 में से 4,583 घरों (करीब 7.9 प्रतिशत) और पाकुड़ प्रखंड में 75,754 में से 5,988 घरों (7.90 प्रतिशत) तक ही योजना पहुंची है.
वहीं पलामू के पिपरा में 7,004 में से 786 घरों (10.22 प्रतिशत), साहिबगंज के मंडरो में 21,072 में से 1,722 घरों (8.17 प्रतिशत), साहिबगंज प्रखंड में 17,436 में से 1,994 घरों (11.44 प्रतिशत) और तालझारी में 21,359 में से 2,028 घरों (9.49 प्रतिशत) को नल का पानी मिल रहा है.
28 लाख परिवार नल के पानी से दूर
वर्ष 2019 में शुरू हुई जल जीवन मिशन की अवधि दिसंबर 2024 में पूरी हो गई थी, लेकिन अधूरे कार्यों को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसे वर्ष 2028 तक बढ़ा दिया है. इसके बावजूद झारखंड के लगभग 27.89 लाख ग्रामीण परिवार आज भी नल के पानी से वंचित हैं और प्राकृतिक जल स्रोतों पर निर्भर हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment