Hazaribagh/Ranchi News : बेमौसम बारिश ने हजारीबाग सहित पूरे झारखंड के किसानों की चिंता बढ़ा दी है. इस बारिश से खेतों में तैयार धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. खेतों में धान की फसल काटकर रखे गए बोझे भीग रहे हैं.
इसे भी पढ़ें
हजारीबाह सहित झारखंड के अधिकांश जिलों में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक रुककर कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होती रही. इन दिनों खेतों में धान की कटनी जोरों पर है. ऐसे में अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरने की आशंका पैदा कर दी है. खेतों में काटकर रखे गए धान के बोझे बारिश में भीग रहे हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने और नुकसान का खतरा बढ़ गया है.
किसानों ने बताया कि धान की कटनी के बाद बोझों को खेतों में बांधकर रखा गया था, ताकि मौसम अनुकूल होने पर उन्हें खलिहान तक पहुंचाया जा सके. लेकिन लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण धान सुखाने और दौनी करने में परेशानी हो रही है. खेतों में नमी बढ़ने से फसल समेटने का काम भी प्रभावित हो रहा है.
किसानों को डर है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो तैयार धान की गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.किसानों का कहना है कि खेती में खाद, बीज, जुताई, मजदूरी सहित अन्य संसाधनों पर पहले ही काफी खर्च हो चुका है. पूरी मेहनत के बाद जब फसल तैयार हुई है, तब मौसम की बेरुखी उनके लिए नई मुसीबत बन गई है. ऐसे में तैयार फसल को सुरक्षित रखना किसानों के सामने बड़ी चुनौती बन गई है.

