Search

Jharkhand News : स्वस्थ जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है योग- इरफान

योगाभ्यास करते मंत्री इरफान अंसारी व अन्य.
  • आरयू में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्यस्तरीय समारोह
  • निरोग जीवन के लिए योग पर जोर

Ranchi : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को रांची विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत मंडप में राज्यस्तरीय योग दिवस समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया.

 

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ पद्धति है. उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए निकालने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ एवं संतुलित रहता है. उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और राज्य सरकार इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.

 

Uploaded Image

उद्घाटन करते रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी व अन्य.

विधायक सीपी. सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है. उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की. रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि योग की लोकप्रियता पूरी दुनिया में लगातार बढ़ रही है और आज 192 देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है.

 

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और गैर-संचारी रोगों की चुनौती के बीच योग एक प्रभावी और प्राकृतिक उपाय बनकर उभरा है. प्राणायाम, ध्यान, सूर्य नमस्कार और विभिन्न योगासन बेहतर स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं.

 

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रखी गई है. कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य के 745 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से करीब 1000 योग प्रशिक्षक नियमित रूप से योग सत्र संचालित कर रहे हैं. इसके अलावा विद्यालयों में भी हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडरों के माध्यम से विद्यार्थियों को योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

 

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया. समारोह में स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष विभाग, रांची विश्वविद्यालय तथा विभिन्न संस्थानों के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, योग प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//