Ranchi News : झारखंड सरकार ने दुर्गापूजा के दौरान राज्य में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी शुरू कर दी है. गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा मुख्यालय द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में 6,750 गृह रक्षकों की तैनाती का प्रस्ताव तैयार किया गया है.
मुख्यालय की ओर से गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेजे गए प्रस्ताव में गृह रक्षकों को 14 से 23 अक्टूबर 2026 तक कुल 10 दिनों के लिए ड्यूटी पर लगाने की अनुमति मांगी गई है. स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित जिलों में गृह रक्षकों को तैनात किया जाएगा.
जिलावार प्रस्तावित तैनाती के अनुसार रांची में 600, गुमला में 300, खूंटी में 150, लोहरदगा में 250, सिमडेगा में 250, हजारीबाग में 500, गिरिडीह में 400, रामगढ़ में 200, कोडरमा में 200 और चतरा में 300 गृह रक्षक लगाए जाएंगे.
वहीं धनबाद में 400, बोकारो में 300, पलामू में 250, गढ़वा में 300, लातेहार में 300, देवघर में 100, जमशेदपुर में 500, चाईबासा में 300, सरायकेला में 300, दुमका में 250, साहेबगंज में 200, पाकुड़ में 200, गोड्डा में 100 और जामताड़ा में 100 गृह रक्षकों की तैनाती का प्रस्ताव है.
जवानों को तैयार रखने का निर्देश
झारखंड गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय ने सभी जिला समादेष्टाओं को गृह रक्षकों को तैयार स्थिति में रखने का निर्देश दिया है. विभागीय स्वीकृति मिलते ही संबंधित जिलों के एसएसपी और एसपी को निर्धारित संख्या में गृह रक्षक उपलब्ध करा दिए जाएंगे. इनकी तैनाती दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

