Ranchi: होली पर्व को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लिया है. राज्य में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जिलों में पुलिस अधिकारियों और पुलिस जवानों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से होली समाप्ति तक रद्द कर दी गई हैं.
यह आदेश पुलिस मुख्यालय, रांची से जारी किया गया है. आदेश के अनुसार विशेष परिस्थिति को छोड़कर किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा.
आदेश में कहा गया है कि होली के दौरान बलों की कमी नहीं हो, इसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है. सभी संबंधित पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप-महानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. किसी भी तरह की गड़बड़ी या असामाजिक तत्वों पर सख्त नजर रखी जाएगी. इस निर्णय के बाद राज्यभर के पुलिसकर्मियों को त्योहार के दौरान ड्यूटी पर मुस्तैद रहना होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment