Search

 
 
 

झारखंड पुलिस अब भेजेगी 'ई-समन', डिजिटल व्यवस्था का ट्रायल शुरू

राज्य में नए आपराधिक कानूनों के तहत अनुसंधान प्रक्रिया को समयबद्ध और पूर्णतः डिजिटल बनाने की दिशा में झारखंड पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक समन प्रणाली लागू करने की तैयारी तेज कर दी है. इस संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं.
 

Ranchi : राज्य में नए आपराधिक कानूनों के तहत अनुसंधान प्रक्रिया को समयबद्ध और पूर्णतः डिजिटल बनाने की दिशा में झारखंड पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक समन प्रणाली लागू करने की तैयारी तेज कर दी है. इस संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं. जारी आदेश के अनुसार, अब न्यायालय द्वारा जारी समन से लेकर थाना स्तर पर उसके तामिला तक की पूरी प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से पूरी की जाएगी. इस व्यवस्था से कांडों के अनुसंधान को निर्धारित 60 या 90 दिनों की समय सीमा के भीतर पूरा करने में सहायता मिलेगी.

 

बताया गया है कि इस प्रणाली के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा एक विशेष अनुप्रयोग और मोबाइल अनुप्रयोग तैयार किया गया है. पुलिस मुख्यालय ने सभी वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिले के एक-एक थाना का चयन कर इस प्रणाली का परीक्षण कराएं. चयनित थाना के थाना प्रभारी एवं एक अनुसंधानकर्ता इस व्यवस्था का परीक्षण कर निर्धारित प्रपत्र में अपनी रिपोर्ट जिला नोडल पदाधिकारी को सौंपेंगे.

 

इसके बाद जिला नोडल पदाधिकारी परीक्षण से संतुष्ट होने के पश्चात संबंधित रिपोर्ट को अग्रसारित करते हुए 7 अप्रैल 2026 तक पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराएंगे. इसके आधार पर उपयोगकर्ता स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद इस प्रणाली को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा. पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षण के दौरान उपयोग किया गया डाटा केवल नमूना होगा और इसका वास्तविक सर्वर से कोई संबंध नहीं रहेगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही