Search

झारखंड पुलिस का हाफ एनकाउंटर ट्रेंड : 5 माह में 6 अपराधियों को गोली मार घायल अवस्था में किया गिरफ्तार

AI से बनाई गई तस्वीर

Ranchi :   झारखंड में पुलिस अब नए स्टाइटल में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. “एनकाउंटर” की जगह “हाफ एनकाउंटर” का ट्रेंड इन दिनों चर्चा में है. इसमें पुलिस जान लेने के बजाय अपराधियों को गोली मारकर घायल करती है और फिर उसे गिरफ्तार करती है. 

साल 2026 में ही राज्य में संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान कई बार पुलिस और अपराधियों की मुठभेड़ हुई है. इस दौरान हत्या, रंगदारी, लूट और गैंगवार से जुड़े कई कुख्यात अपराधियों को इसी तरह मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया गया है.

 

पुलिस का कहना है कि इन मामलों में अधिकतर आरोपियों ने भागने या हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में फायरिंग की गई. पुलिस के अनुसार, गोली आमतौर पर पैर में लगी और अपराधी जिंदा पकड़े गए.

 

कंट्रोल्ड फायर स्ट्रैटीजी से अपराधियों में खौफ

पुलिस की इस कंट्रोल्ड फायर स्ट्रैटीजी से अपराधियों में खौफ बढ़ा है. आपराधिक जगत में यह चर्चा भी है कि भागने की कोशिश भारी पड़ सकती है. खासकर तब जब पुलिस सीधा पैर पर निशाना बनाये. सूत्रों की मानें तो अपराधियों में इतना खौफ है कि अब वो गिरफ्तारी के समय माफी मांगते हुए सहयोग करने की बात कर रहे हैं.

अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस एक्शन मोड पर

झारखंड में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है. मुख्यालय से साफ निर्देश दिया है कि जमीन माफिया, फरार अपराधियों, रंगदारी गिरोह, हथियार सप्लायर और वारंटियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाए.

 

खास तौर पर ऐसे मामलों में, जहां अपराधी पुलिस को देखकर भागने या फायरिंग करने की कोशिश करते हैं, वहां नियंत्रित जवाबी कार्रवाई” करते हुए उन्हें तुरंत पकड़ने का निर्देश दिया गया है. मुख्यालय के निर्देश के बाद सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

 

रात में विशेष चेकिंग अभियान, फरार अपराधियों और जमीन माफियाओं की सूची तैयार कर कार्रवाई की बात कही गई है. सूचना मिलते ही त्वरित घेराबंदी और छापेमारी अभियान के निर्देश दिए गए हैं. 

 

झारखंड में बीते 5 माह में हाफ एनकाउंटर कार्रवाई


24 अप्रैल 2026 :   रांची में हत्या मामले का फरार आरोपी पुलिस घेराबंदी तोड़कर भाग रहा था. पुलिस ने पहले चेतावनी दी, फिर पैर में गोली मारी और हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया.  उससे नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी है. 


6 अप्रैल 2026 :  रामगढ़ के भुरकुंडा में पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई. इस एनकाउंटर में गिरोह का सक्रिय सदस्य सन्नी सिंह को पैर में गोली लगी, जिसके बाद घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया. मौके से दो देसी पिस्तौल, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किए गए.

 

3 अप्रैल 2026 : पलामू जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें समीर खलीफा हत्याकांड के मुख्य आरोपी फैज खान के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. 

 

8 मार्च 2026 :  धनबाद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की. रांची और धनबाद पुलिस के संयुक्त अभियान में प्रिंस खान गैंग के 3 शूटरों को मुठभेड़ (एनकाउंटर) के बाद पकड़ा गया, जिसमें दो के पैर में गोली लगी और तीसरा भागने के दौरान घायल हो गया. ये अपराधी रंगदारी और धमकी देने के मामले में वांछित थे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//